जून 5, 2024 7:44 अपराह्न

printer

राजनीतिक दलों ने लोकसभा चुनाव के परिणामों की घोषणा के बाद सरकार गठन के प्रयास तेज

राजनीतिक दलों ने लोकसभा चुनाव के परिणामों की घोषणा के बाद सरकार गठन के प्रयास तेज कर दिए हैं। पांच सौ तैंतालीस सदस्यों वाली लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को दो सौ बयानवे सीटें मिली हैं। भाजपा ने अकेले दो सौ चालीस सीटें हासिल की हैं। तेलुगु देशम पार्टी को सोलह और जनता दल यूनाईटेड को बारह सीटें मिली हैं।
वहीं, इंडिया गठबंधन ने दो सौ तैंतीस सीटें जीती हैं। अन्य के खाते में अट्ठारह सीटें गई हैं। कांग्रेस को निन्यानवे सीटें मिली हैं। समाजवादी पार्टी ने सैंतीस सीटें जीती हैं। जबकि तृणमूल कांग्रेस ने उनतीस और डीएमके ने बाईस सीटों पर विजय हासिल की हैं।
वही, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि लोगों ने लगातार तीसरी बार एनडीए गठबंधन पर विश्वास व्यक्त किया है और यह देश के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने जीत को संविधान में विश्वास और सबका साथ-सबका विकास का मंत्र बताया।
इस बीच, एनडीए नेताओं की आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर बैठक हुई। यह बैठक लोकसभा चुनाव में एनडीए की जीत के बाद केंद्र में नई सरकार बनाने के लिए भविष्य की कार्रवाई की रूपरेखा तैयार करने के लिए थी।