राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं ने आज उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के समर्थन में अमेठी के मुंशीगंज में एक रैली को संबोधित किया। यहां उनका मुकाबला कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा से है। श्रीमती ईरानी ने कहा कि कोरोना संकट के दौरान अर्थव्यवस्था की हालत खराब थी लेकिन हमारी सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि कोई भी भूखा न रहे और दुनिया की सबसे बड़ी अनाज वितरण योजना शुरू की। रैली को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संबोधित किया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी आज अमेठी में चुनाव प्रचार किया और नुक्कड़ सभाएं की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी गोरखपुर के पास चौरी चौरा और महाराजगंज में रैली की। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो खेती से जीएसटी हटा दिया जाएगा।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप जैन के समर्थन में झांसी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ एक संयुक्त रैली को संबोधित किया।