केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने आज लखनऊ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन भरने के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित थे। नामांकन भरने से पहले श्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में एक रोड-शो किया।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा की नेता स्मृति ईरानी अमेठी में एक रोड-शो कर रही हैं और इसके तुरंत बाद वे अपना नामांकन भरेंगी। श्रीमती ईरानी ने 2019 में इस सीट से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को हराया था।
अगले चरण के चुनाव के लिए राज्य में प्रचार अभियान भी तेज हो गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहन यादव फिरोजाबाद जिले में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव आज हाथरस और आगरा जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती आज बदायूं जिले में एक रैली में भाग लेंगी।