दिसम्बर 22, 2025 8:21 अपराह्न

printer

राजधानी में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए बहु-स्तरीय रणनीति पर तेज़ी से काम कर रही है सरकार: मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए बहु-स्तरीय रणनीति पर तेज़ी से काम कर रही है। एक प्रेस वार्ता के दौरान श्री सिरसा ने कहा कि आज से राजधानी में प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बीते चार दिनों से लागू ग्रेप-4 के सख़्त प्रावधानों के सकारात्मक असर अब ज़मीन पर दिखने लगे हैं और हवा की गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया जा रहा है।

राजधानी में ग्रेप-4 के तहत “नो पीयूसी, नो फ्यूल” नियम लागू होने के बाद अब तक दो लाख से ज़्यादा वाहनों को प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र-पीयूसी दे दिए गए, वहीं करीब दस हज़ार वाहन तय मानकों पर खरे नहीं उतर सके। जिसे लेकर श्री सिरसा ने कहा कि सख़्त प्रवर्तन सही दिशा में असर दिखा रहा है। साथ ही, मंत्री ने जानकारी दी कि पीयूसी व्यवस्था को मज़बूत करने के लिए सभी केंद्रों को आधुनिक मशीनों से उन्नत किया जा रहा है ताकि जांच तेज़ी से और सटीक तरीके से हो सके।

वही, दिल्ली नगर निगम और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति अवैध तथा अनाधिकृत उद्योगों की पहचान कर रहे हैं, जिन पर सख़्त कार्रवाई होगी। इसी के साथ, निजी दफ्तरों द्वारा 50 प्रतिशत वर्क-फ्रॉम-होम निर्देशों का पालन न करने पर भी कार्रवाई की जाएगी। श्री सिरसा ने कहा कि धूल नियंत्रण के लिए सड़कों पर 24 घंटे सफ़ाई और पानी का छिड़काव जारी है। लैंडफिल स्थलों पर प्रतिदिन लगभग 35 हजार मीट्रिक टन कचरे की बायो-माइनिंग की जा रही है। साथ ही शहर के पुराने जलाशयों को पुनर्जीवित करने को कहा गया है।