राजधानी दिल्ली में सात लोकसभा सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और स्थानीय नेता, दिल्ली के विभिन्न इलाकों में चुनाव प्रचार कर रहे हैं, और लोगों से अपने पक्ष में वोट डालने की अपील कर रहे हैं।
इसी कड़ी में आज उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट से भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले यमुना विहार से नंदनगरी तक एक रोड शो किया। इस रोड शो में उनके साथ केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं, पूर्वी दिल्ली से भाजपा के ही हर्ष मल्होत्रा ने भी अपना पर्चा भरने से पहले एक जनसंपर्क रैली की।
नई दिल्ली सीट से भाजपा की प्रत्याशी बांसुरी स्वराज ने भी अमर कॉलोनी में एक रोड शो किया और जनता से उन्हें जिताने की अपील की। नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सोमनाथ भारती ने ग्रेटर कैलाश के एक पार्क में सुबह सैर के दौरान लोगों से जनसंपर्क कर आशीर्वाद प्राप्त किया। चांदनी चौक सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जय प्रकाश अग्रवाल ने शालीमार बाग और पीतमपुरा क्षेत्र में सामाजिक बैठकों में हिस्सा लिया और लोगों से अपने पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। इस सीट पर भाजपा के प्रवीण खंडेलवाल चुनाव मैदान में हैं। दिल्ली में मतदान 25 मई को होगा और वोटों की गिनती चार जून को होगी।