राजधानी दिल्ली में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आज दिल्ली नगर निगम के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में अधिकारियों ने महापौर को निगम द्वारा किये जा रहे प्रयासों की बारे में बताया। महापौर ने अधिकारियों को जन जागरूकता अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि निगम के जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा घरों तथा भवनों में मच्छरों के प्रजनन की जांच करने के साथ ही, उन्हें मौके पर नष्ट किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, रिहायशी इलाकों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर मच्छर नाशक दवा का लगातार छिड़काव किया जा रहा है। निगम ने बताया कि इन प्रयासों से इस वर्ष 26 जुलाई तक डेंगू के कुल 277 मामले दर्ज किये गये हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में कम हैं।
महापौर ने नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के मौसम में घरों और अपने आसपास जलजमाव न होने दें।