राजधानी के दरियागंज इलाके में एक इमारत के ढहने की घटना में कथित तौर पर तीन श्रमिकों की मृत्यु के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। इस संबंध में आयोग ने आज दिल्ली के मुख्य सचिव, दिल्ली नगर निगम के आयुक्त और मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।
आयोग ने बताया है कि मीडिया में आई ख़बरों के अनुसार इस महीने 20 तारीख को दरियागंज इलाके में एक निर्माणाधीन चार मंजिला भवन का एक हिस्सा गिर गया था, जिसमें तीन श्रमिकों की मृत्यु हो गई थी। आयोग ने समाचार रिपोर्ट की विषय-वस्तु की जांच की है और कहा कि यदि यह जानकारी सही है तो यह मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मुद्दा है।