रांची के सदर अस्पताल में आज सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और रांची के विधायक सीपी सिंह भी शामिल हुए। मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया को लेकर राज्यभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। राज्य में अब तक 10 लाख सतासी हजार 7 सौ 50 लोगों की स्क्रीनिंग करायी गयी है, जिनमें सिर्फ 1 हजार 8 सौ 90 लोगों में ही सिकल सेल एनीमिया पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सिकल सेल कंट्रोल करने में देशभर में झारखंड दूसरे स्थान पर है।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन दिवस पर खास कार्यक्रम आयोजित किये गये। इस कड़ी में जामताड़ा सदर अस्पताल में दो दिवसीय जागरूकता अभियान आज प्रारंभ हुआ। इसका शुभारंभ जिले की उपायुक्त कुमूद सहाय ने किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों से इसके लिए गहन जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।