केंद्रीय बजट 2026-27 में रक्षा सेवाओं को सभी मंत्रालयों में सबसे अधिक सात दशमलव आठ-पांच लाख करोड़ रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह आवंटन अगले वित्तीय वर्ष के अनुमानित सकल घरेलू उत्पाद-जीडीपी का दो प्रतिशत है और 2025-26 के बजटीय अनुमानों की तुलना में 15 दशमलव एक-नौ प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है।
मंत्रालय ने बताया कि कुल रक्षा बजट केंद्र सरकार के व्यय का 14 दशमलव छह-सात प्रतिशत है। मंत्रालय को आवंटित कुल राशि में से 27 दशमलव नौ-पांच प्रतिशत पूंजीगत व्यय, 20 दशमलव एक-सात प्रतिशत रखरखाव और परिचालन तैयारियों पर राजस्व व्यय, 26 दशमलव चार-शून्य प्रतिशत वेतन और भत्तों पर राजस्व व्यय, 21 दशमलव आठ-चार प्रतिशत रक्षा पेंशन और तीन दशमलव छह-चार प्रतिशत नागरिक संगठनों के लिए है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा क्षेत्र को सात दशमलव आठ-पांच लाख करोड़ रुपये आवंटित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया। सोशल मीडिया पोस्ट में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह बजट सुरक्षा-विकास-आत्मनिर्भरता के संतुलन को मजबूत करता है और राष्ट्र के हित में है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के बाद यह बजट देश की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने के सरकार के संकल्प को और मजबूत करता है।