रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब में तीसरी विश्व रक्षा प्रदर्शनी-2026 में हिस्सा लेगा। यह प्रदर्शनी रविवार से शुरू हो रही है। दो दिन के इस आयोजन में 700 से अधिक प्रदर्शक और लगभग 400 आधिकारिक प्रतिनिधिमंडलों के भाग लेने की संभावना है। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि भारतीय प्रतिनिधि मंडल में रक्षा उत्पादन विभाग और सशस्त्र सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
प्रदर्शनी में भारत की भागीदारी के रूप में श्री सेठ 400 वर्गमीटर क्षेत्र में फैले भारतीय मंडप का उदघाटन करेंगे। इस मंडप में रक्षा विनिर्माण और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की बढती स्वदेशी क्षमताओं का प्रदर्शन किया जाएगा तथा देश के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों की भूमिका दर्शाई जाएगी। ये उद्यम – टैंक, तोपखाना बंदूक प्रणाली, मिसाइल, रडार समेत अन्य क्षेत्रों से जुडे अपने उत्पादों की प्रदर्शनी करेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि विश्व रक्षा प्रदर्शनी से अलग रक्षा राज्यमंत्री और सऊदी अरब के रक्षा राज्य मंत्री की द्विपक्षीय बैठक का भी कार्यक्रम है।
रक्षा राज्यमंत्री, सऊदी अरब के उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों से भी मिलेंगे और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग तथा औद्योगिक समन्वय बढाने पर चर्चा करेंगे। सऊदी अरब की मेजबानी में विश्व रक्षा प्रदर्शनी, हर दो वर्ष में आयोजित की जाती है।