रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 9 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया की दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस के निमंत्रण पर ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर जा रहे हैं। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि श्री सिंह की इस यात्रा के दौरान ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी।
रक्षा मंत्री सिडनी में एक व्यावसायिक गोलमेज बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के उद्योगपति भागीदारी करेंगे। श्री राजनाथ सिंह ऑस्ट्रेलिया के अन्य नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। मंत्रालय ने बताया कि यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों और रक्षा साझेदारी को सशक्त बनाने के लिए नई और अर्थपूर्ण पहलों को तलाशने के लिए दोनों पक्षों को एक अवसर प्रदान करेगी। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा के दौरान तीन समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की योजना है। ये समझौते सूचना साझा करने, समुद्री क्षेत्र और संयुक्त गतिविधियों के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाएंगे।
रक्षा मंत्री की यह यात्रा ऐसे समय पर हो रही है, जब दोनों देश, भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी की स्थापना का पांचवां वर्ष मना रहे हैं। श्री रिचर्ड मार्लेस इस वर्ष जून महीने में भारत दौरे पर आए थे।