रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल नई दिल्ली में नियंत्रक सम्मलेन 2025 का उद्घाटन करेंगे। इस तीन दिन के सम्मेलन की मेजबानी रक्षा लेखा विभाग-डीएडी करेगा।
एक वक्तव्य में रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस सम्मेलन में बजट और लेखा सुधार, आंतरिक लेखापरीक्षा पुनर्गठन, सहयोगी शोध, मूल्य निर्धारण नवाचार और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों को सम्मिलित करते हुए आठ उच्चस्तरीय कारोबारी सत्र होंगे। मंत्रालय ने बताया कि इन सत्रों में प्रतिस्पर्धी और आत्म निर्भर रक्षा उद्योग के लिए रणनीतिक सहयोग के साथ राजकोषीय विवेक को संतुलित करने में एकीकृत वित्तीय सलाहकारों की उभरती भूमिका को तलाशा जाएगा।
सम्मेलन में रक्षा लेखा विभाग, सिविल सेवा, शिक्षाविद, थिंक टैंक और रक्षा तथा वित्तीय क्षेत्रों के हितधारक भाग लेंगे। इस वर्ष के सम्मेलन की थीम है-रक्षा वित्त और अर्थशास्त्र के माध्यम से वित्तीय सलाह, भुगतान, लेखा परीक्षा और लेखांकन में परिवर्तन।
उद्घाटन सत्र में कल चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, तीनों सेनाओं के प्रमुख, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, रक्षा सेवाओं के वित्तीय सलाहकार एस.जी. दस्तेदार और रक्षा लेखा महानियंत्रक डॉ. मयंक शर्मा भी शामिल होंगे।