अक्टूबर 16, 2024 8:08 पूर्वाह्न

printer

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ भारतीय नौसेना के वेरी लो फ्रीक्वेंसी रडार स्टेशन की आधारशिला रखी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ कल विकाराबाद में भारतीय नौसेना के वेरी लो फ्रीक्वेंसी-वीएलएफ रडार स्टेशन की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि वीएलएफ स्टेशन का निर्माण देश के समुद्री हितों को सुरक्षित करने की दृष्टि से किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह सशस्त्र बलों के लिए वरदान साबित होगा। श्री सिंह ने कहा कि यह सशस्त्र बलों के कमान केन्‍द्रों के साथ हमारे जहाजों और पनडुब्बियों के बीच सुरक्षित और वास्तविक समय संचार सुनिश्चित करेगा। उन्‍होंने कहा कि एक बार शुरू होने के बाद, हाई-टेक वीएलएफ स्टेशन मात्र एक सैन्य प्रतिष्ठान ही नहीं होगा बल्कि राष्ट्रीय महत्व की एक रणनीतिक संपत्ति होगी।

 

रक्षा मंत्री ने कहा कि युद्ध के उभरते तरीकों को देखते हुए मानव और मशीनों के बीच प्रभावशाली समन्वय बेहद महत्वपूर्ण होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त उपकरण या जनशक्ति होने के बावजूद वास्तविक समय संचार के बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है। 2900 एकड़ में फैली इस सुविधा की निर्माण-लागत 3200 करोड़ रुपये हैं।