राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सड़क दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले सैन्य कर्मियों पर शोक व्यक्त किया है।
सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल सैनिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले वीर सैनिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने घायल सैनिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सड़क हादसे पर शोक व्यक्त किया है जिसमें भारतीय सेना के 10 जवान शहीद हो गए।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि घायल जवानों को चिकित्सा सहायता दी जा रही है और सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।
शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में पूरा देश सशस्त्र बलों और उनके परिवारों के साथ खड़ा है।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी हादसे में सैन्यकर्मियों की मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने उन बहादुर सैनिकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि घायल सैनिकों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है।