जनवरी 9, 2026 4:44 अपराह्न

printer

रक्षा मंत्री ने यूपी में विद्युत वाहन उत्पादन संयंत्र का उद्घाटन किया, बोले देश रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता की राह पर

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि रक्षा क्षेत्र, रक्षा उत्‍पादन में आत्‍म-निर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्‍होंने आज उत्तर प्रदेश में अपने निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ के सरोजनी नगर इलाके में विद्युत वाहन उत्‍पादन संयंत्र का उद्घाटन किया। केन्द्रीय मेंत्री एच.डी. कुमार स्‍वामी और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ भी इस अवसर पर उपस्थित थे। रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार ने कई नियमों को सरल बना दिया है और कई ऐसे आवश्‍यक कदम उठाए हैं जिससे निवेशकों और व्‍यवसायियों का भी विश्‍वास बढ़ा है। उन्‍होंने कहा कि पहले वार्षिक रक्षा उत्‍पादन 46 हजार करोड़ रुपए था जो अब बढ़कर डेढ लाख करोड़ रुपए सालाना हो गया है। रक्षा मंत्री ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में निर्यात में भी कई गुना वृद्धि हुई है। पहले यह एक हजार करोड़ रुपए वार्षिक था जो अब बढ़कर 25 हजार करोड़ रुपए सालाना हो गया है। उन्‍होंने आशा व्‍यक्‍त की कि रक्षा निर्यात के 2029-30 तक 50 हजार करोड़ रुपए पार कर जाने की संभावना है।