रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज बेंगलुरु में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड – बीईएल में मिसाइल एकीकरण सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री सिंह ने आकाश तृतीय और चतुर्थ रेजिमेंट लड़ाकू प्रणाली का शुभारंभ किया और माउंटेन फायर कंट्रोल रडार का अनावरण किया। रक्षा मंत्री ने इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली, एवियोनिक्स, नौसैनिक प्लेटफॉर्म, इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स और टैंक इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी अत्याधुनिक तकनीकों में बीईएल की सराहना की। उन्होंने कहा कि वायु क्षेत्र रक्षा और ड्रोन रोधी अभियानों में विकसित प्रणालियों ने यह प्रदर्शित किया है कि भारत के स्वदेशी समाधान वैश्विक मानकों को पूरा कर सकते हैं।
रक्षा मंत्री ने पुणे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई उत्कृष्टता केंद्र का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया और बीईएल की एआई नीति का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें भारतीय स्टार्टअप्स द्वारा विकसित एआई-आधारित समाधान सहित उन्नत स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकियों के बारे में जानकारी दी गई। रक्षा मंत्री ने बीईएल के अनुसंधान और विकास समुदाय को एआई और स्वायत्त प्रणालियों में नवीनतम तकनीकों का उपयोग करके त्वरित उत्पाद विकास के लिए स्टार्टअप्स, उद्योग और शिक्षा जगत के साथ सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।