रक्षा मंत्रालय ने भारतीय तटरक्षक बल के लिए छह उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर एमके-II और भारतीय नौसेना के लिए जमीन से हवा में मार करने वाली वर्टिकल लॉन्च मिसाइल की खरीद के 5083 करोड़ रुपये के अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए हैं। ये अनुबंध आज नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में किए गए।
उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर और परिचालन उपकरण के लिए दो हजार 901 करोड़ रुपये के अनुबंध पर बेंगलुरु के हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के साथ हस्ताक्षर किए गए हैं।
ये दोहरे इंजन वाले हेलीकॉप्टर वर्तमान में संचालित हवाई प्लेटफार्म से कहीं अधिक अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं। इन हेलीकॉप्टर के शामिल होने से कृत्रिम द्वीपों, अपतटीय प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और मछुआरों तथा समुद्री पर्यावरण की सुरक्षा के लिए भारतीय तटरक्षक बल की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
मंत्रालय ने कहा कि रूसी संघ की जेएससी रोसोबोरोन एक्सपोर्ट के साथ दो हजार 182 करोड़ रुपये मूल्य की सरफेस-टू-एयर वर्टिकल लॉन्च मिसाइलों की खरीद का अनुबंध किया गया है।
इस खरीद का उद्देश्य हवाई खतरों के खिलाफ अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों की वायु रक्षा क्षमताओं को बढ़ाना है। इस अनुबंध से आपसी विश्वास और रणनीतिक तालमेल पर आधारित भारत और रूस के बीच दीर्घकालिक रक्षा साझेदारी और मजबूत होगी।