फ़रवरी 9, 2026 6:22 अपराह्न

printer

रक्षा बजट में बढ़ोतरी से सशस्त्र बलों की युद्ध क्षमता और रणनीतिक स्वायत्तता मजबूत होगी: रक्षा सेवा वित्तीय सलाहकार राज कुमार अरोडा

रक्षा सेवा वित्तीय सलाहकार राज कुमार अरोडा ने कहा है कि रक्षा क्षेत्र के लिए बजट आवंटन में बढोतरी से सशस्त्र बलों की युद्ध क्षमता में और सुधार होगा, आयात पर निर्भरता कम होगी, रणनीतिक स्वायत्तता बढ़ेगी और आपूर्ति श्रृंखलाओं में सुधार होगा। रक्षा क्षेत्र के लिए इस वर्ष के बजट आवंटन के संबंध में आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में उन्‍होंने कहा कि यह आवंटन क्षमता और गतिशीलता बढाने और आपूर्ति की भरपाई में सहायक होगा। श्री अरोडा ने कहा कि अधिक आवंटन से हथियार, गोला-बारूद और टैंकों की उपलब्धता भी सुगम होगी। उन्‍होंने बताया कि बजट में रक्षा क्षेत्र के लिए 7 लाख 85 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं और यह पिछले वर्ष के आवंटन से 16 प्रतिशत से अधिक है।

श्री अरोडा ने कहा कि वर्तमान भू-राजनीतिक परिदृश्य में आत्मनिर्भरता अब कोई विकल्प नहीं, बल्कि एक अनिवार्यता है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला बजट है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद कुछ खरीददारी को त्वरित गति से पूरा किया है। पूंजीगत खरीद में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि आवंटित की गई है और राजस्व परियोजनाओं में 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। श्री अरोडा ने कहा कि इससे सशस्त्र बलों की क्षमताओं में सुधार हुआ है।

उन्‍होंने कहा कि देश के लिए सबसे महत्वपूर्ण है दीर्घकालिक राष्ट्रीय सुरक्षा, सतत सैन्य क्षमता, मजबूत प्रतिरोध और सशस्त्र बलों का आधुनिकीकरण।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला