रक्षा खरीद परिषद-डीएसी ने सशस्त्र बलों की क्षमताओं को बढ़ाने के लिए 79 हजार करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी है। आज नई दिल्ली में परिषद की बैठक की अध्यक्षता करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तीनों सेनाओं से जुडे इन प्रस्तावों के लिए आवश्यकता स्वीकृति प्रदान की।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भारतीय सेना के तोपखाना रेजिमेंटों के लिए लॉयटर म्यूनिशन सिस्टम, पिनाका मल्टीपल लॉन्च रॉकेट सिस्टम के लिए लो लेवल लाइट वेट रडार, लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट गोला बारूद और इंटीग्रेटेड ड्रोन डिटेक्शन एंड इंटरडिक्शन सिस्टम एमके-II सहित विभिन्न रक्षा प्रणालियों की खरीद की मंजूरी दी गई है।
लॉयटर म्यूनिशन का उपयोग सामरिक लक्ष्यों पर सटीक हमले के लिए किया जाएगा, जबकि लो लेवल लाइट वेट रडार छोटे आकार के, कम ऊंचाई पर उड़ने वाले मानवरहित विमानों का पता लगाने और उन पर नजर रखने में सक्षम होंगे। भारतीय वायु सेना के लिए, हवाई क्षेत्र में मौजूद सुरक्षा कमियों को दूर करने के लिए स्वचालित टेक-ऑफ लैंडिंग रिकॉर्डिंग सिस्टम-एओएन की खरीद को मंजूरी दी गई है। यह प्रणाली हर मौसम में विमानों की लैंडिंग और टेक-ऑफ की स्वचालित रिकॉर्डिंग की सुविधा प्रदान करेगी। इसके अलावा, डीएसी ने नौसेना के लिए बोलार्ड पुल टग्स की खरीद की है। यह ऐसे छोटे जहाज होते हैं जो नौसेना के जहाजों और पनडुब्बियों को संकरे जलक्षेत्र में लंगर डालने, लंगर से बाहर निकालने खीचने और नियंत्रित करने में मदद करते हैं।