रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार ने केन्या में वहां के प्रधान रक्षा सचिव पैट्रिक मारिरू से मुलाकात की तथा दोनों देशों के बीच रक्षा उद्योग सहयोग को मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की। रक्षा उत्पादन विभाग ने सोशल मीडिया पोस्ट में दोनों पक्षों ने कल आयोजित तीसरे भारत-केन्या रक्षा एक्सपो और सेमिनार में भारतीय रक्षा कंपनियों की उत्साहजनक भागीदारी की सराहना की। इसमें बताया गया कि एक्सपो में भारतीय कंपनियों ने रक्षा क्षेत्र के व्यापक दायरे में अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया, जिनमें जहाज निर्माण और नौसेना प्रणाली, थल प्रणाली, वायुसैनिक विमानन, मिसाइल प्रणाली, हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक, बख्तरबंद और सैन्य वाहन, ऑप्टिकल उपकरण, सुरक्षा प्रणाली और साइबर सुरक्षा शामिल हैं। इसमें यह भी बताया गया कि केन्या रक्षा बल-के.डी.एफ भाग लेने वाले भारतीय उद्योगों के साथ अलग से बैठकें करेंगे।
एक अन्य बैठक में श्री कुमार ने केन्या के उप रक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल जॉन एम ओमेंडा और अन्य वरिष्ठ के.डी.एफ अधिकारियों के साथ भी चर्चा की। विभाग ने कहा कि वार्ता में भारत-केन्या रक्षा सहयोग को और गहरा करने पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिसमें रक्षा औद्योगिक साझेदारी, क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण, समुद्री रखरखाव और रक्षा निर्यात और रखरखाव सहायता में दीर्घकालिक सहयोग पर बल दिया गया।