रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज सीमा सड़क संगठन- बीआरओ द्वारा दो हजार दौ सौ 36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 75 बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं का निर्माण उत्तराखंड सहित देश के 11 सीमावर्ती राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में किया गया है।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा कि 2014 में एनडीए सरकार के सत्ता में आने से पहले विकास की गति रूक गई थी और सीमावर्ती राज्य विकास के अवसरों से वंचित थे। उन्होंने कहा पिछले साल की तुलना में सरकार ने इस बार के बजट में 30 फीसदी की बढ़ोतरी की है।
सीमा सड़क संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअली प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पूरी हुईं बुनियादी ढांचे की ये परियोजनाएं विशेष रूप से दूरदराज और वंचित क्षेत्रों के उत्थान के लिए काफी सहायक होंगी।
श्री धामी ने कहा कि ये बुनियादी ढांचा परियोजनाएं क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक सतत विकास और समृद्धि को बढ़ावा देंगी। उन्होंने कहा कि नए पुलों के निर्माण से राज्य में कनेक्टिविटी बेहतर होगी साथ ही यात्रा कम समय में पूरी हो सकेगी। इससे धार्मिक और सामान्य पर्यटन के साथ ही सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा तथा उत्तराखंड एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित होगा।