रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने झारखंड के एक दिवसीय दौरे के दौरान आज रांची में खूंटी और लोहरदगा निर्वाचन क्षेत्रों के वरिष्ठ भाजपा नेताओं और पार्टी कोर कमेटी के बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में श्री सिंह ने वन नेशन वन इलेक्शन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपी गयी रिपोर्ट पर जोर दिया। उन्होंने पार्टी के नेताओं से राज्य के विकास के बारे में सोचने और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने को कहा।
रक्षामंत्री ने अपने संबोधन में पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव से पहले लोगों तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया। श्री सिंह झारखंड के चतरा जिले में मां भद्रकाली के प्रसिद्ध इटखोरी मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है, जबकि केंद्र सरकार लगातार राज्य के लिए नई विकास योजनाओं और परियोजनाओं का उद्घाटन कर रही है।