रंगपंचमी का पर्व आज प्रदेशभर में उमंग, उत्साह और परंपरागत तौर पर मनाया गया। इंदौर में रंगपंचमी के अवसर पर आज रंगों से सराबोर प्रसिद्ध गेर का आयोजन किया गया। टोरी कॉर्नर से राजबाड़ा तक निकली इस गेर में लाखों की संख्या में हुरियारे और नागरिक शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी रथ से रंगों की बौछार कर हुरियारों का उत्साह बढ़ाया। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अन्य स्थानों में जहां बडे-बुजुर्ग रंग-गुलाल लगाकर रंगपंचमी मनाई। वहीं बच्चों में भी एक-दूसरे को पिचकारी से रंग डालने का उत्साह देखा गया। हमारे विदिशा संवाददाता ने बताया कि नगर के प्रमुख मार्गों से जुलूस निकाला गया। इस दौरान रंग की टंकियों से खूब रंग गुलाल खेला गया। जुलूस गुप्तेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर बड़ा बाजार, तिलक चैक, माधवगंज, हॉस्पिटल रोड, नीमताल होते हुए वापस गुप्तेश्वर मंदिर में संपन्न हुआ। आयोजकों ने बताया की विदिशा में सार्वजनिक होली उत्सव पिछले 80वर्षो से मनाया जा रहा है। खंडवा स्पार्कल ने रंग पंचमी के अवसर पर रंगोत्सव कार्यक्रम का आयोजन वृंदावन विहार कॉलोनी में किया। सतना और गुना जिले में भी रंगपंचमी का त्यौहार पूरे उत्साह साथ मनाया गया।
Site Admin | मार्च 30, 2024 7:53 अपराह्न
रंगपंचमी का पर्व आज प्रदेशभर में उमंग, उत्साह और परंपरागत तौर पर मनाया गया
