फ़रवरी 21, 2025 11:48 पूर्वाह्न

printer

यूसीसी में लिव-इन संबंधों का अनिवार्य पंजीकरण युगलों की सुरक्षा के लिए है: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान में विश्वास नहीं रखती और महिलाओं पर अत्याचार करने वालों का समर्थन करती है।

लिव-इन संबंधों के अनिवार्य पंजीकरण प्रावधान पर कांग्रेस के विरोध को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह प्रावधान युगलों की सुरक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में लिव-इन संबंधों में विवाद उत्पन्न होने पर हिंसक घटनाएं बढ़ती हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के इस बयान को भी खंडित किया जिसमें कहा जा रहा था कि अगर कोई बाहरी व्यक्ति उत्तराखंड की लड़की से शादी करता है, तो उसे मूल निवासी का दर्जा मिल जाएगा। उन्होंने इसे पूरी तरह निराधार और भ्रामक करार दिया।