यूरोपीय संघ ने अमरीका को चेतावनी दी है कि नए टैरिफ फैसले के बाद दोनों पक्षों के बीच हुए व्यापार समझौते खतरे में पड़ सकते हैं। यह चेतावनी उस समय आई है जब अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने सभी आयात पर 15 प्रतिशत का नया वैश्विक शुल्क लागू करने की घोषणा की है। राष्ट्रपति ट्रंप का यह कदम उस फैसले के बाद आया है, जब अमरीकी सर्वोच्च न्यायालय ने पिछले वर्ष लागू की गई उनकी वैश्विक टैरिफ नीति को खारिज कर दिया था। इस नीति से लंबे समय से चली आ रही वैश्विक व्यापार व्यवस्था प्रभावित हुई थी।
यूरोप और लंदन के अधिकारियों ने वैश्विक व्यापार संबंधों में आए इस नवीनतम उथल-पुथल पर चिंता और व्याकुलता व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रंप की नई शुल्क नीति पिछले साल अमरीका के साथ हुए व्यापार समझौतों को उलट सकती है।
यूरोपीय संघ के अधिकारियों ने व्हाइट हाउस से नई शुल्क नीति के संबंधित व्यापार समझौतों पर व्यवहारिक असर को लेकर स्पष्टता भी मांगी है। वर्तमान में यूरोपीय संघ के अधिकांश निर्यात पर 15 प्रतिशत और ब्रिटेन से होने वाले निर्यात पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाया गया है।