यूरोपीय नेताओं ने अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प द्वारा ग्रीनलैंड पर प्रस्तावित टैरिफ की निंदा की है। एक संयुक्त बयान में, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्ता और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने चेतावनी दी कि इससे संबंध कमजोर होने के साथ ही भारी नुकसान हो सकता है। इन नेताओं ने कहा कि क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता अंतरराष्ट्रीय कानून के मूलभूत सिद्धांत हैं। उन्होंने डेनमार्क और ग्रीनलैंड के साथ पूर्ण एकजुटता का संकल्प लिया। अन्य यूरोपीय नेताओं ने भी उनका समर्थन किया।
वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने इस कदम को अस्वीकार्य करते हुए कहा कि यूरोप इसका समन्वित तरीके से जवाब देगा।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने टैरिफ को गलत बताते हुए कहा कि ग्रीनलैंड का भविष्य वहां के लोगों और डेनमार्क को तय करना चाहिए। वहीं, स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ने कहा कि यूरोप खुद को ब्लैकमेल नहीं होने देगा।
इस बीच, ग्रीनलैंड और डेनमार्क में लोगों ने डॉनल्ड ट्रम्प की योजनाओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। दोनों देशों के कोपेनहेगन, आरहस, आलबोर्ग और ओडेंस सहित कई शहरों में हजारों लोग एकजुटता दिखाते नजर आए।