फ़रवरी 6, 2026 7:18 अपराह्न

printer

यूपी में मतदाता सूची SIR के तहत दावे-आपत्तियां दर्ज करने की समय सीमा 6 मार्च तक बढ़ी

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज करने की समय सीमा बढ़ा दी गई है। मतदाता अब 6 मार्च, 2026 तक फॉर्म 6, 7 और 8 जमा करके अपना नाम जुड़वा और सुधार करवा सकते हैं या मतदाता सू‍ची से नाम हटवाने का अनुरोध कर सकते हैं। इससे पहले की समय सीमा 6 फरवरी थी। उत्तर प्रदेश के मुख्‍य चुनाव अधिकारी नवदीप रिनवा ने संवाददाता सम्‍मेलन में बताया कि राजनीतिक दलों ने 27 जनवरी को हुई एक बैठक में समय बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद दावे और आपत्तियों की अवधि एक महीने के लिए बढ़ा दी गई। उन्होंने बताया कि नाम शामिल करने, सुधार करने या हटाने के लिए आवेदन 6 मार्च तक जमा किए जा सकते हैं। चुनाव आयोग 27 मार्च तक सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा कर देगा, जिसके बाद 10 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।