दिसम्बर 28, 2025 7:51 अपराह्न

printer

यूक्रेन शांतिपूर्ण तरीके से युद्ध समाप्‍त नहीं करना चाहता तो रूस ताकत के बल पर हासिल करेगा अपने सभी लक्ष्य: रूस राष्‍ट्रपति पुतिन

रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमिर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन को शांति के लिए जल्‍दी नहीं है और अगर वह शांतिपूर्ण तरीके से युद्ध समाप्‍त नहीं करना चाहता तो रूस ताकत के बल पर अपने सभी लक्ष्‍य हासिल कर लेगा। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार राष्‍ट्रपति पुतिन ने सेना प्रमुख वलेरी गैरासीमोव और सेना के कई कमांडरों के साथ कल एक बैठक की। बैठक के बाद श्री पुतिन ने कहा कि यूक्रेन सीमा पर बफर जोन बनाने का कार्य ठीक तरह से चल रहा है। उन्‍होंने कहा कि रूस की सेनाएं डोनबास और जापोरोझाई क्षेत्रों के समूचे इलाकों में आगे बढ रही है।

इस बीच, यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्‍की ने फिर कहा है कि चार साल से चल रहे युद्ध में जापोराझाई परमाणु विद्युत संयंत्र सहित रूस के कब्‍जे वाले सभी क्षेत्र यूक्रेन के लिए महत्‍वपूर्ण हैं। श्री जेलेंस्‍की ने जोर देकर कहा कि इन मुद्दों से संबंधित कोई भी फैसला जनमत संग्रह या विधायी परिवर्तनों के माध्‍यम से यूक्रेन की जनता की सलाह पर लिया जाएगा। श्री जेलेंस्‍की ने आज फ्लोरिडा में अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनाल्‍ड ट्रंप के साथ होने वाली बैठक से पहले यह बात कही है।