फ़रवरी 11, 2026 6:58 अपराह्न

printer

यूक्रेन पर रूस का ड्रोन हमला, तीन बच्चों सहित 4 की मौत

यूक्रेन में, खारकीव के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में कल रात एक मकान  पर रूस के ड्रोन हमले में 34 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि बोहोदुखीव में हुए इस हमले में  आग लगने से मकान ढह गया और पूरा परिवार मलबे में दब गया। यूक्रेन की वायु सेना के अनुसार रूस की ओर से रात भर में 129 ड्रोन हमले किए गए।

दूसरी ओर, रूस के दक्षिणी क्षेत्र वोल्गोग्राद के गवर्नर आंद्रेई बोचारोव का कहना है कि रात भर हुए ड्रोन हमले के कारण उनके क्षेत्र में एक औद्योगिक संयंत्र में आग लग गई। गवर्नर ने बताया कि इस हमले से एक आवासीय इमारत के एक अपार्टमेंट को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ऊर्जा संयत्रों और नागरिक ठिकानों पर किए गए ड्रोन हमलों को सक्षम वायु रक्षा प्रणाली के जरिए विफल कर दिया गया।

इस बीच, रूस-यूक्रेन युद्ध के चार साल पूरे होने के अवसर पर यूक्रेन को और अधिक सैन्य सहायता देने पर चर्चा करने के लिए यूरोपीय संघ के रक्षा मंत्री ब्रसेल्स में मिलेंगे। यह समूह 2026-27 की अवधि में यूक्रेन को 71 अरब 40 करोड़ डॉलर का कर्ज देने पर विचार कर रहा है।