यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कल फ्लोरिडा में अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच रूस के साथ जारी युद्ध समाप्त करने की शांति योजना पर बातचीत हुई। राष्ट्रपति ट्रंप ने बैठक को अत्यंत सफल बताया और कहा कि शांति वाार्ता में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन दोनों युद्ध समाप्त करना चाहते हैं। बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि शांति वार्ता अगले कुछ सप्ताह में पूरी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बैठक के दौरान कई यूरोपीय नेताओं से फोन पर बातचीत हुई। बैठक से पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ भी ट्रंप की लंबी बातचीत हुई।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि स्थायी शांति बहाली के लिए सुरक्षा गांरटी प्रमुख शर्त है। राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बैठक के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में श्री जेलेंस्की ने कहा कि विचार-विमर्श को अंतिम रूप देने के लिए जल्द से जल्द बातचीत पर भी सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप अगले महीने वांशिगटन में यूक्रेन और यूरोप के नेताओं की मेजबानी करेंगे।