यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूस के खिलाफ चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए जारी वार्ता के लिए वे अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात करेंगे। कीव में पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने उम्मीद जताई कि यह बैठक रविवार को होगी।
बातचीत में अमरीका की मध्यस्थता से तैयार की गई 20 सूत्री शांति योजना के साथ-साथ यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 20 सूत्री योजना 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आर्थिक समझौते पर भी चर्चा होगी और यूक्रेनी पक्ष क्षेत्रीय मुद्दों को भी उठाएगा।
एक अमरीकी समाचार संगठन को दिए साक्षात्कार में राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति उनकी सहमति के बिना कुछ नहीं कर सकते। श्री ट्रम्प ने कहा कि उन्हें जल्द ही रूसी नेता से बात करने की उम्मीद है। रूस के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कल पत्रकारों को बताया कि रूसी राष्ट्रपति के विशेष दूत किरिल दिमित्रीव की हाल ही में फ्लोरिडा में अमरीकी दूतों से मुलाकात के बाद से रूस अमरीकी प्रतिनिधियों के संपर्क में है।
उन्होंने कहा कि बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है। अमरीकी राष्ट्रपति 24 फरवरी 2022 को शुरू यूक्रेन-रूस युद्ध को समाप्त करने के लिए राजनयिक प्रयास कर रहे हैं।