यूक्रेन की राजधानी कीव पर कल रात रूस के एक हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दिमीर जेलेंस्की कल अमरीका के फ्लोरिडा में राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से मिलने वाले हैं। इस मुलाकात में रूस और यूक्रेन के बीच लगभग चार वर्ष से जारी युद्ध को समाप्त करने पर वार्ता होनी है।
रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सेना ने बीती रात लंबी दूरी के हथियारों से यूक्रेन के ऊर्जा और सैन्य केंद्रों पर हमले किए। इनमें हाइपरसोनिक मिसाइल और ड्रोन का उपयोग शामिल है। रूसी मंत्रालय के अनुसार, यह हमला रूस में नागरिक ठिकानों पर यूक्रेन के हमले के जवाब में किया गया है।
इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि कल रात के हमले से राजधानी कीव के कुछ हिस्सों में बिजली गुल हो गई। श्री ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यह हमला अमरीका की शांति पहल के जवाब में किया है।