फ़रवरी 17, 2026 8:54 पूर्वाह्न

printer

यूक्रेन और रूस से अधिकारी आज स्विट्जरलैंड में दूसरे दौर की वार्ता करेंगे

यूक्रेन और रूस से अधिकारी आज स्विट्जरलैंड में दूसरे दौर की वार्ता करेंगे। यह दो दिवसीय बैठक अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की मध्यस्थता में आयोजित की जा रही है।

इस बैठक में वॉशिंगटन, कीव और मॉस्को के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इससे पहले इसी महीने अबू धाबी में हुई वार्ता मुख्य रूप से युद्धविराम प्रस्तावों पर केंद्रित थी।

रूस के क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि जिनेवा वार्ता में क्षेत्रीय मुद्दों और मॉस्को की मांगों सहित व्यापक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

रूस के वार्ता दल का नेतृत्व व्लादिमीर मेडिंस्की करेंगे। उनके साथ रूसी सैन्य खुफिया प्रमुख इगोर कोस्त्युकोव और उप विदेश मंत्री मिखाइल गालुज़िन भी शामिल होंगे।

यूक्रेन की ओर से वार्ता का नेतृत्व यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा परिषद के सचिव रुस्तम उमेरोव करेंगे। वहीं, अमरीका की ओर से स्टीव विटकॉफ और जैरेड कुशनर के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने की संभावना है।

अबू धाबी और इस्तांबुल में वार्ता के बाद पहली बार यूरोप में वार्ता का आयोजन किया जा रहा है।