जनवरी 31, 2026 6:45 पूर्वाह्न

printer

यूएन पर वित्तीय संकट, महासचिव अंतोनियो गुतेरस ने सभी सदस्‍य देशों को लिखे पत्र

संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरस ने कहा है कि विश्‍व निकाय आसन्‍न वित्‍तीय संकट के जोखिम में है क्‍योंकि सदस्‍य देश अपने शुल्‍क का भुगतान नहीं कर रहे हैं। संयुक्‍त राष्‍ट्र के सभी सदस्‍य देशों को लिखे पत्र में श्री गुतेरस ने कहा कि संभवत: जुलाई के आस-पास संयुक्‍त राष्‍ट्र के पास अपना नियमित कामकाज चलाने के लिए भी धन न रहे।

 

इस स्थिति में संयुक्‍त राष्‍ट्र के कार्यों पर बहुत बुरा असर पड़ेगा। संयुक्‍त राष्‍ट्र में सबसे अधिक योगदान करने वाले अमरीका ने पिछले वर्ष के लिए अपना अनिवार्य शुल्‍क नहीं दिया था जिसके कारण वित्‍तीय संकट उत्‍पन्‍न हो गया।

   

एक अधिकारी के अनुसार अमरीका पर संयुक्‍त राष्‍ट्र के लिए नियमित बजट के लिए दो अरब 19 करोड डॉलर बकाया हैं। इसके अतिरिक्‍त इस वर्ष के लिए 76 लाख 70 हजार डॉलर की देनदारी है। श्री गुतेरस ने कहा कि 2025 के आखिर तक संयुक्‍त राष्‍ट्र की रिकॉर्ड एक अरब 56 करोड़ डॉलर की देनदारी बकाया हो गई जो 2025 के आखिर में बकाया राशि की दोगुनी है।

 

श्री गुतेरस ने कहा कि जब तक भुगतान की स्थिति में सुधार नहीं होता तब तक संयुक्‍त राष्‍ट्र 2026 के लिए तीन अरब 45 करोड़ डॉलर के नियमित बजट की पूर्ति नहीं कर सकेगा। इस बजट को संयुक्‍त राष्‍ट्र के 193 सदस्‍यों ने दिसम्‍बर में सर्वसम्‍मति से स्‍वीकृति दी थी।