वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन- यू.एन.सी.टी.ए.डी के सोलहवें सत्र में भाग लिया। श्री गोयल ने सत्र को संबोधन में गरीबी उन्मूलन, मांग-आधारित विकास और बुनियादी ढाँचे के विकास के लिए भारत के प्रयासों पर ज़ोर दिया।
उन्होंने स्थिरता और जलवायु परिवर्तन के प्रति राष्ट्र की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने ग्लोबल साउथ सहयोग के महत्व पर बल दिया। उन्होंने डिजिटल सशक्तिकरण में भारत की प्रगति की भी जानकारी दी। श्री गोयल ने कहा कि भारत पिछले तीन वर्षों में सात प्रतिशत से अधिक औसत वार्षिक वृद्धि के साथ सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था रहा है। भारत के स्थिर नेतृत्व पर ज़ोर देते हुए श्री गोयल ने कहा कि देश की आधी स्थापित बिजली क्षमता नवीकरणीय ऊर्जा से आती है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि श्री गोयल की यह यात्रा वैश्विक व्यापार और विकास में एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।