युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने युवाओं से नेतृत्व क्षमता विकसित करने और देश के विकास के लिए काम करने का आग्रह किया है। नई दिल्ली में विकसित भारत युवा संसद 2025 के समापन समारोह को संबोधित करते हुए श्री मांडविया ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने कहा कि इस वर्ष की युवा संसद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित राष्ट्र बनाने के दृष्टिकोण के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि इसमें युवा न केवल अपना योगदान देंगे बल्कि देश को प्रगति की ओर भी ले जाएंगे। श्रीमती खडसे ने राष्ट्रीय युवा पुरस्कार 2021-22 और 2022-23 के साथ ही विकसित भारत युवा संसद पुरस्कार 2025 भी प्रदान किए। कार्यक्रम के दौरान देश भर से एक सौ पांच राज्य स्तरीय विजेताओं ने अपने विचार और दृष्टिकोण प्रदर्शित किए।