कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज गाजियाबाद में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि यह विचारधारा का चुनाव है। उन्होंने कहा कि आई एन डी आई गठबंधन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने आई एन डी आई गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया। श्री राहुल गांधी ने कहा कि गठबंधन सरकार गरीब महिलाओं को एक लाख रुपये और बेरोजगारों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता परीक्षाओं के पेपर लीक की समस्या को समाप्त करने के लिये कानून बनाया जायेगा। श्री गांधी ने कहा कि जातिगत जनगणना समाज के विकास के लिए आवश्यक है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देगा। उन्होंने लोगों से वोटों को एकजुट रखने का आह्वान किया।