अप्रैल 6, 2024 2:06 अपराह्न

printer

यह चुनाव केवल सरकार-गठन का नहीं, विकसित-भारत का चुनाव हैः नरेन्द्र मोदी

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि यह चुनाव केवल सरकार गठन का चुनाव ही नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत का चुनाव है। उन्‍होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में भारत विश्‍व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था बन गया है।

 

श्री मोदी आज सहारनपुर में पार्टी के उम्‍मीदवार राघव लखनपाल और कैराना से भाजपा प्रत्‍याशी प्रदीप चौधरी के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और उत्‍तर  प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ भी इस अवसर पर मौजूद थे।

 

आकाशवाणी के संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि यदि इरादा सही है, तो परिणाम भी सही होगा। उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के काम करती है और हम चाहते हैं कि हमारी नीतियां प्रत्‍येक व्‍यक्ति तक पहुंचे और इसके लिए हमने दस वर्षों तक काम किया है। यही वास्‍तविक धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्‍याय है।

 

    श्री मोदी ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी का स्‍थापना दिवस है। पिछले कुछ दशकों में बड़ी संख्‍या में हमारे देशवासी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं, क्‍योंकि इसने लोगों का विश्‍वास और दिल जीता है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राष्‍ट्र प्रथम है। यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि हमारा विश्‍वास है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चहुमुखी विकास के लिए काम किया है, जिससे प्रत्‍येक नागरिक का जीवन यापन आसान हुआ है। पिछले दस वर्षों में सरकार ने किसानों के विकास के लिए लगातार काम किया है। प्रधानमंत्री ने वोकल फॉर लोकल के बारे में बात करते हुए एक जिला, एक उत्‍पाद योजना की भी सराहना की। उन्‍होंने कहा कि अभी तक आप लोगों ने जो कुछ देखा है, वो मात्र एक ट्रेलर है। विकसित भारत के लिए अभी बहुत कुछ किए जाने की जरूरत है।

 

पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि हम नए भारत को देख रहे हैं, जो वैश्विक नायक के रूप में जाना जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि आज भारत विश्‍वस्‍तरीय ढांचागत सुविधाओं के लिए जाना जाता है और भारत विश्‍व को विकास का मॉडल प्रदान कर रहा है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला