आज दिल्ली के विभिन्न क्षेत्र में हुई हल्की बारिश की वजह से राजधानी में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तपती गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। आज शाम हुई बारिश की वजह से तापमान में पिछले दिनों की अपेक्षा थोड़ी गिरावट आई है। आज का अधिकतम तापमान 46 दशमलव 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 29 दशमलव 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस अधिक है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ मृत्युंजय मोहपात्रा ने बताया कि अरब सागर से उत्तर-मध्य भारत की ओर दक्षिण पश्चिमी हवाएं चल रही हैं जो तामपान को नीचे लाने में मदद कर रही हैं।
श्री महापात्र ने कहा कि देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में भी तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के भारत के उत्तर पश्चिमी भाग पर प्रभाव के कारण गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।