मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, झारखंड, ओडिशा, बिहार और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में शनिवार तक गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार तेलंगाना, केरल और माहे में अगले सात दिनों के दौरान बारिश, तूफान, बिजली गिरने और तेज़ हवाएं चल सकती हैं। कल मध्य प्रदेश और विदर्भ में ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर-पूर्व भारत में छिटपुट गरज और बिजली के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग ने कहा है कि सौराष्ट्र और कच्छ के अलग-अलग हिस्सों में गुरुवार तक लू की स्थिति होने की संभावना है। केरल और माहे में अगले दो दिनों तक गर्म और आर्द्र मौसम बने रहने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और रायलसीमा में भी गुरुवार तक गर्म और आर्द्र मौसम रह सकता है।