मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में इस महीने की 21 तारीख तक आंधी और गरज के साथ मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ भागों में अगले छह दिनों तक यह स्थिति बनी रहेगी। उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ भागों में इस महीने की 18 से 21 तारीख तक चालीस किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं, आकाशीय बिजली कडक सकती है और गरज के साथ बारिश होने तथा कुछ भागो में बर्फ गिरने की भी संभावना है। यह भी कहा गया है कि हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक चालीस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में 18 से 21 तारीख तक गरज और आकाशीय बिजली कडकने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
इस बीच मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी की आशंका व्यक्त की है। जबकि ओडिशा और पश्चिम बंगाल में अगले चार दिनों तक इस लू चल सकती है। साथ ही पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गोवा, गुजरात और कर्नाटक में आज और कल तथा तमिलनाडु, पद्दुचेरी, केरल और आंध्र प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम गर्म और उमस वाला रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया है कि मध्य भारत में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है जबकि पूर्वी भारत और महाराष्ट्र में अगले तीन से चार दिनों तक तापमान दो से तीन डिग्री बढेगा। हालांकि देश के बाकी भागों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।