मौसम विभाग ने आज पंजाब में शीत लहर का अनुमान व्यक्त किया है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में कोहरे का भी अनुमान है। इस बीच, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज और तेज़ हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। केरल, माहे, तमिलनाडु, पु्द्दुचेरी और कराइक्काल में भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है। दक्षिणी केरल तट और उससे सटे लक्षद्वीप क्षेत्र, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिणी बंगाल की खाड़ी, तमिलनाडु तट और अंडमान सागर में 55 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज़ हवाए चल सकती हैं।
इस बीच, दिल्ली-एन.सी.आर. में वायु गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज सुबह 7 बजे तक क्षेत्र का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 346 दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में ग्रैप के तीसरे चरण को लागू कर दिया है।