मौसम विभाग ने तमिलनाडु में 8 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कहा कि कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कारइक्काल में कल कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का भी अनुमान व्यक्त किया है।
इस बीच, दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज शाम 4 बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 202 दर्ज किया गया।