मौसम विभाग ने आज तमिलनाडु, पुदुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में गरज और चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान लगाया है। इन इलाकों में 15 नवंबर तक बारिश जारी रहेगी। आज दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों और पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के आस-पास के इलाकों सहित श्रीलंका और तमिलनाडु के तटों पर तूफानी मौसम की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है। विभाग ने यह भी बताया कि अगले 3 से 4 दिनों के दौरान पश्चिमी पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। पूर्वी क्षेत्र में 2 दिनों के बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।