मौसम विभाग ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों में भयंकर लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। बिहार के कुछ भागों, झारखंड, तेलंगाना, रायलसीमा, अंदरूनी कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वी उत्तर प्रदेश, केरल, माहे, कोंकण, पश्चिम उत्तर प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और यामन में तीस अप्रैल तक भीषण गर्मी की संभावना व्यक्त की गई है।
तीस अप्रैल तक ही गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ उप हिमालयी क्षेत्रों में भी भीषण गर्मी के आसार है। त्रिपुरा, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, करईकल, असम, मेघालय, कोंकण और गोवा में रविवार तक उमस भरी गर्मी की संभावना व्यक्त की गई हैं।
इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में आज आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। राजधानी में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने के आसार है।