मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में आज शीतलहर का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कराईकल, पुड्डुचेरी और ओडिशा में अगले दो दिनों तक मध्यम वर्षा होने की संभावना है। साथ ही उत्तर प्रदेश, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में आज तड़के और देर रात घना कोहरा छाने की संभावना है। ऐसी ही स्थिति अगले दो-तीन दिनों तक पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई वाले इलाकों, बिहार, असम, मेघालय, मणिपुर, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में बनी रह सकती है।
विभाग ने यह भी कहा है कि पश्चिमोत्तर भारत में अगले 2 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी। वहीं, मध्य भारत और महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में क्रमशः 2 से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अगले दो दिनों तक सुबह और रात के समय स्मॉग और हल्के कोहरे छाए रहने की संभावना हैं।