प्रदेश के कई जिलों में हो रही भारी वर्षा से लोगों को गर्मी से राहत मिली है लेकिन जल-भराव और बारिश की निरन्तरता के चलते जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लखनऊ, गोरखपुर सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों में घने बादल छाए हुए हैं और कल देर रात से गरज-चमक के साथ तेज हवा के बीच वर्षा का सिलसिला जारी है।
वर्षा के कारण प्रदेश के कई जिलों से दुर्घटनाओं की खबर भी मिल रही है। फतेहपुर जिले में कल बिजली गिरने से दो बच्चियों की मौत हो गयी जबकि दो महिलाओं सहित चार लोग गम्भीर रूप से झुलस गए। उधर, मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिन के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ मौसम केन्द्र के वैज्ञानिक के अनुसार पड़ोसी देश नेपाल से सटे जिलों में भारी बारिश का पूर्वनुमान है। इसके अलावा प्रदेश के बीच के हिस्से में मध्यम बारिश के आसार हैं। कई जिलों में भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को बन्द रखने का निर्देश जारी किया है। अम्बेडकर नगर में जिलाधिकारी ने इण्टर तक के सभी स्कूल आज बन्द कर दिए हैं। अयोध्या में भी इण्टर तक के स्कूलों को आज बन्द रखने का निर्देश जिलाधिकारी ने जारी किया है। जौनपुर और कुशीनगर जिले में कक्षा आठ तक के स्कूलों को आज बन्द रखने का निर्देश जारी हुआ है।