मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिमी, पूर्वी और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में अगले चार दिनों के लिए भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में भीषण गर्मी जारी रहेगी।
कल राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्यप्रदेश, केरल, और तमिलनाडु में भीषण गर्मी महसूस की गई। दिल्ली के नजफगढ़ में 47.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो पूरे देश में सबसे अधिक था। राष्ट्रीय राजधानी के अधिकतर इलाकों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4 से 6 डिग्री अधिक था।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण पश्चिमी मानसून मालदीव के कुछ हिस्सों और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, निकोबार द्वीप और दक्षिण अंडमान महासागर में पहुंच गया है। बुधवार तक दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अत्यधिक वर्षा होने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।