मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश के ज्यादातर भागों और दिल्ली में कहीं-कहीं सोमवार तक भीषण गर्मी जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार और सोमवार को भीषण गर्मी रहेगी। कोंकण और गोवा में आज तथा असम में कल मौसम गर्म और नर्म बना रहेगा।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामनी ने आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए कहा है कि इन क्षेत्रों में लोगों को भीषण गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है क्योंकि इन क्षेत्रों पर चक्रवाती परिसंचरण के कोई संकेत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। विभाग ने इन इलाकों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
इस बीच बंगाल की खाड़ी के कुछ और भागों, अंडमान-निकोबार दीप समूह के शेष भागों, अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थिति अनुकूल है।