मौसम विभाग ने अगले 7 दिन के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तेज वर्षा जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने आज गुजरात, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।
विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में भी तेज बारिश की सम्भावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार, देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि 13 राज्यों के लिए तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, गोवा और कर्नाटक शामिल हैं। अगले 7 दिन में पूर्वोत्तर राज्यों के लिए अधिक तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। इस बीच, विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।